आपदा प्रभावितों की मदद करने वालों का कारवां बढ़ता जा रहा है। लोगों ने सहायता राशि देने के साथ ही दुआएं भी मांग रहे हैं।
उत्तराखंड आपदा की विशेष कवरेज
कोई आपदा प्रभावित गांवों के जीर्णोद्धार के लिए गांवों को गोद लेने की बात कह रहे हैं तो कई संगठन आर्थिक मदद के लिए जी जान से लगे हैं। रविवार को शहर में विभिन्न संगठनों और संस्थाओं ने आपदा में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने के साथ ही मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
हुआ शांति विधान
आपदा में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति उत्तराखंड जैन संघ के तत्वावधान में जैन पंचायती मंदिर भवन में शांति विधान किया गया। इस दौरान जैन समाज के आचार्य सूर्य सागर महाराज ने अपने चातुर्मास की घोषणा की।
निकाली शोभायात्रा
गढ़ी-डाकरा स्थित श्री नागेश्वर महादेव मंदिर के वार्षिक उत्सव के उपलक्ष्य पर रविवार को सादगी के साथ शोभायात्रा निकाली गई। मंदिर से सुबह निकली शोभायात्रा डाकरा बाजार, गढ़ी चौक होते हुए वापस मंदिर में पहुंचकर समाप्त हुई। शाम को मंदिर में भजन संध्या का आयोजन किया गया।
संत निरंकारी मिशन ने किया रक्तदान
रेस्ट कैंप स्थित संत निरंकारी मिशन भवन में साप्ताहिक सत्संग के दौरान संत निरंकारी मिशन और राज्य रक्त संचरण परिषद के सदस्यों ने आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए रक्तदान किया। कार्यक्रम में कृपा सागर, पीयूष सिंह, डा. हरलीन कौर संधू, डा. मीनाक्षी उनियाल, पार्वती पांडे आदि ने रक्तदान किया।
विश्व जागृति मिशन गोद लेगा गांव
आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए विश्व जागृति मिशन ने एक गांव गोद लेकर उसका जीर्णोद्घार करने का फैसला लिया है। रविवार को साप्ताहिक सत्संग के दौरान टर्नर रोड स्थित शिवालिक धाम आश्रम में आपदा में मृतक लोगों की आत्मा की शांति के लिए वैदिक मंत्र व शांति पाठ किया गया।
भारतीय शूद्र संघ देगा 1100 रुपये
आपदा पीड़ितों की मदद के लिए भारतीय शूद्र संघ ने राहत कोष में 1100 रुपये देने का फैसला लिया है। गांधी ग्राम स्थित संघ कार्यालय में रविवार को बैठक के दौरान आपदा में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान संघ के महासंरक्षक रामरतन रवि ने जाति व्यवस्था को समाप्त करने के लिए रवि, भारतीय, अंबेडकर, सूर्यवंशी, नागवंशी, कुलवंशी, भास्कर, दिनकर, भागवत, वैष्णव उपनाम जोड़ने के लिए कहा। बैठक में रामशरण मौर्य, सीएल मौर्य, मनोज कुमार, आरके वर्मा आदि उपस्थित थे।
वैश्य अग्रवाल सभा ने दी श्रद्धांजलि
आपदा में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए उत्तरांचल वैश्य अग्रवाल सभा ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। सभा ने आपदा पीड़ितों की मदद के लिए आर्थिक मदद करने का भी फैसला लिया है।
तरपालीसैंण में लगेगा चिकित्सा शिविर
राठ जन विकास समिति ने नवंबर महीने में तरपाली सैंण में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाने का निर्णय लिया है। समिति के महासचिव कुलानंद घनसाला ने बताया कि आपदा पीड़ितों की मदद के लिए आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। इस अवसर पर शेखरानंद रतूड़ी, धन सिंह गुसाईं, पुरुषोत्तम ममगाईं, सुखदेव आदि उपस्थित थे।
किया यज्ञ
पंचायती मंदिर में महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आपदा में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए पं. शशि बल्लभ शास्त्री ने यज्ञ किया। इस अवसर पर शहीद सेना और आईटीबीपी के शहीदों को भी श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्षा सरोजनी कैंथुरा, कमलेश रमन, बाला शर्मा, विमला मनहास, ममता गुरुंग आदि उपस्थित थी।
बनाएंगे ब्लू प्रिंट
उत्तरकाशी शहर की सुरक्षा के लिए उत्तरकाशी जन विकास मंच ने विशेषज्ञों की मदद से ब्लू प्रिंट तैयार करने का फैसला लिया है। एकता भवन यमुना कालोनी में हुई बैठक में संस्था ने आपदा में मृतकों को दो मिनट मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान दुर्गा प्रसाद नौटियाल, रमेश रमोला, पीएन शर्मा, प्रताप सिंह पंवार आदि मौजूद थे।
मलबा हटाने के बाद पूजा-अर्चना
टपकेश्वर स्थित माता वैष्णों देवी गुफा मंदिर में आए मलबे को रविवार के दिन साफ किया गया। सफाई के बाद आचार्य बिपिन जोशी ने पूजा अर्चना कर शांति की कामना की।
वाल्मीकि धर्म समाज गोद लेगा एक गांव
आपदा से तहस-नहस हो चुके एक गांव को भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज ने गोद लेने का फैसला किया है। रेलवे मनोरंजन सदन में पत्रकार वार्ता के दौरान लल्ला बाबू द्रविड़ ने बताया कि संस्था ने पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश से राहत सामग्री बाबा रामदेव के आश्रम में पहुंचाई है। जिसे आपदा पीड़ितों को भेजा गया।
समिति करेगी डेढ़ लाख की मदद
आपदा प्रभावितों की मदद के लिए पर्वतीय कल्याण समिति ने डेढ़ लाख रुपये एकत्र किए हैं। समिति के सचिव एचपी पुरोहित ने बताया कि एकत्र धनराशि को ‘अमर उजाला’ के माध्यम से प्रभावितों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावितों की मदद के लिए समिति ने कई जगह राहत शिविरों का भी आयोजन किया था।