गर्मियों के मौसम में अगर आप अपनी छुट्टियां मनाने या चार धाम यात्रा के लिए उत्तराखंड की हसीन वादियों की सैर की योजना बना रहे हैं तो जरा सचेत हो जाइए।
प्रदेश में 88 साल बाद टूटा बारिश का रिकॉर्ड आपकी योजनाओं पर भी पानी फेर सकता है। प्रशासन ने चार धाम यात्रा फिलहाल रोक दी है तो पर्यटन स्थल की खूबसूरती भी पानी ने बिगाड़ दी है।
शनिवार को ऋषिकेश होते हुए चारधाम यात्रा पर 150 बस और 25 टैक्सी व कार रवाना हुई थीं, तो रविवार को एक भी वाहन को ऋषिकेश से ऊपर नहीं जाने दिया गया। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी वाईएस गंगवार ने बताया कि यात्रा के सभी रास्ते ब्लॉक हो चुके हैं। ऊपर फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कवायद जारी है।
लगातार हो रही बारिश से कई और रास्तों के ब्लॉक होने की आशंका है। मौसम की मार को देखते हुए फिलहाल कैंपटी फॉल, भट्टा फॉल, सहस्त्रधारा, रॉबर्स केव और आसपास के दूसरे पर्यटन स्थलों पर जाना भी खतरे से खाली नहीं है।
यात्रा सीजन में होने वाली लगातार बारिश और मिल रही चेतावनी के मद्देनजर यात्रियों से चार धाम यात्रा पर न जाने की अपील की जा रही है। हमने ऋषिकेश में चारों कंपनियों से भी बात की है। रविवार को एक भी वाहन को ऊपर नहीं जाने दिया गया।-वाईएस गंगवार, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी, देहरादून