देहरादून। ‘कुरुक्षेत्र के योद्धा’ पुस्तक का विमोचन करते हुए राज्यपाल अजीज कुरैशी ने समाज की स्थिति पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज भी महाभारत जारी है। समाज में कई दुशासन मासूम जिंदगियां बर्बाद कर रहे हैं, जबकि देशभर में फैले शकुनि फिजा बिगाड़ रहे हैं। लेकिन इस युद्ध में कृष्ण, अर्जुन और भीष्म पितामह जैसे व्यक्तित्वों का अभाव है।
रविवार को विमोचन समारोह में विशिष्ट अतिथि सांसद सतपाल महाराज ने पुस्तक को इंटरनेट पर उपलब्ध कराने की जरूरत जताई। कहा कि इससे बच्चे लाभान्वित होंगे। पर्यटन मंत्री अमृता रावत ने कहा कि पौराणिक ग्रन्थों में निहित संस्कार और आदर्श के संदेश को बच्चों तक पहुंचाने में ये पुस्तक मददगार साबित होगी। कार्यक्रम में डा. एसएल जोशी ने पुस्तक रचना पर प्रकाश डाला। पुस्तक की लेखिका ममता भट्ट, सहलेखिका तृप्ति सेठ आदि मौजूद रहे। संचालन राजश्री ओझा ने किया।