देहरादून। पलटन बाजार स्थित एक स्टोर की फर्जी चेकबुक बनवाने एक युवक बैंक पहुंचा। शक पर बैंक प्रबंधन ने उसे पुलिस के हवाले किया तो पता चला कि युवक खुद ठगी का शिकार हो गया है। उसने बताया कि उसे दो युवकों ने इंटरव्यू लेने के बाद संबंधित स्टोर में नौकरी लगने की बात कही थी। इसके बाद दोनों ने उसे चेकबुक लेने बैंक भेज दिया। अब पुलिस दोनों युवकों की तलाश कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि युवक की बात में कितनी सचाई है।
मंगलवार दोपहर एक युवक करनपुर स्थित ओबीसी बैंक की शाखा में पहुंचा। यहां उसने प्रबंधक को दो लिफाफे दिए। इनमें से एक में चेकबुक जारी करने का आवेदन तो दूसरे में एसएमएस अलर्ट सुविधा शुरू करने का आवेदन था। दोनों आवेदन पलटन बाजार स्थित इंडियन स्टोर के नाम से किए गए थे। प्रबंधक को शक हुआ तो उन्होंने युवक को बाहर बिठाकर स्टोर के मालिक को फोन किया। कुछ ही देर में स्टोर मालिक बैंक पहुंचे और ऐसा कोई आवेदन करने से इनकार किया। इस पर बैंक ने पुलिस को बुला लिया। डालनवाला पुलिस ने युवक को बैंक से पकड़ लिया। उसने अपना नाम सुभाष कुमार निवासी सहसपुर बताया।
पूछताछ में उसने बताया कि कुछ दिन पहले उसने एक अखबार में नौकरी का विज्ञापन देखा। मंगलवार को विज्ञापन पर दिए राजपुर रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के पते पर वह पहुंचा तो उसे दो युवक मिले। दोनों ने करीब आधे घंटे तक उसका इंटरव्यू लिया और कहा कि उसे 13 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। सुभाष के मुताबिक वह जाने लगा तो युवकों ने उसे दो लिफाफे देकर कहा कि घर लौटते वक्त कंपनी का काम कर जाए। दोनों ने उसे बैंक में जाने को कहा था। इसके बाद पुलिस ने युवक के बताए पते पर छापा मारा, लेकिन दोनाें युवक फरार हो चुके थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।