देहरादून। एक साल से सूने पड़े पवेलियन ग्राउंड में जिला फुटबाल लीग के बहाने एक बार फिर चहल-पहल दिखाई देने लगी है। हालांकि लीग के मुकाबले यहां नहीं खेले जाएंगे, लेकिन टीमाें के रजिस्ट्रेशन और ट्रांसफर की प्रक्रिया मैदान में बने पवेलियन में ही पूरी की जा रही है।
बुधवार शाम पवेलियन ग्राउंड में खिलाड़ियों के पहुंचने से यहां पसरा सन्नाटा समाप्त हो गया। इस दौरान आयोजन समिति लीग की रणनीति बनाने में जुटी रही, तो खिलाड़ी नए क्लबों के बारे में चर्चा करते नजर आए। बीते एक सप्ताह से हर शाम पवेलियन ग्राउंड का नजारा कुछ ऐसा ही दिखाई देता है। जिला फुटबाल लीग में टीमों के रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 25 जुलाई है। इसके लिए खिलाड़ियों और क्लब संचालकों की भीड़ भी यहां जुट रही है। लीग के बहाने एक हुए दून के सभी क्लबों के दिग्गज और खिलाड़ी बीते पांच दिनों से पवेलियन ग्राउंड में इक्ट्ठा होने लगे हैं। इनमें पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सीबी थापा, गोविंद सिंह, रंजीत राणा, पीआर कश्यप, लक्ष्मण प्रसाद जैसे नाम भी शामिल हैं।