देहरादून। प्रदेश में बृहस्पतिवार को एक-दो स्थानाें पर भारी बारिश की संभावना है। मध्य उत्तराखंड (पौड़ी, रुद्रप्रयाग, टिहरी आदि) में 40 से लेकर 65 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है, जबकि अन्य स्थानों पर पांच से लेकर 30 मिलीमीटर तक बारिश का अनुमान है। प्रदेश भर में बादल छाए रहने की संभावना है। बुधवार को कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। पंतनगर में 19.4 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई, जबकि मुक्तेश्वर में 2.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। टिहरी में इसका माप 0.4 मिलीमीटर रहा। दून में भी सुबह के वक्त हुई झमाझम बारिश से पारे में मामूली गिरावट दर्ज की गई। हालांकि दोपहर के वक्त जलती धूप ने लोगों को परेशान किया। कुछ-कुछ समय बाद आसमान पर छाने वाले बादलों ने जरूर कुछ राहत दी। दून में 14.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। बृहस्पतिवार को दून में भी बादल छाए रहने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है। मध्यम से अधिक बारिश के एक-दो दौर भी हो सकते हैं। अधिकतम तापमान 30, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
...पर ये मौसम बेईमान
मौसम पर किसी की नहीं चलती। एक बार फिर यह साबित हुआ। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 25 जुलाई को अच्छी बारिश की भविष्यवाणी थी, लेकिन 24 को ही बादल जमकर बरस गए। विभाग की तरफ से 24 जुलाई शाम को जारी बुलेटिन में अगले तीन दिन के लिए कोई पूर्वानुमान दर्ज नहीं।