ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश शाखा का प्रथम स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस मौके संस्थान में अध्ययनरत भावी चिकित्सकों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में विशेषज्ञ डाक्टरों और शिक्षकों ने शिरकत की।
बुधवार को बैराज मार्ग स्थित एम्स सभागार में आयोजित समारोह का मुख्य अतिथि भारत सरकार के अपर सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चंद्र किशोर मिश्रा ने शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि मिश्रा ने एम्स परिवार को प्रथम स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि एम्स को प्रदेश का सबसे उम्दा चिकित्सकीय संस्थान बनाने की कवायद जारी है। जिसे मेडिकल की सभी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एम्स के लिए हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा 2009 पद सृजित किए गए हैं। जिन पर शीघ्र नियुक्तियां की जाएंगी। कहा कि मेडिकल सुविधाओं के लिहाज से एम्स प्रदेश के लोगों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
इस दौरान उन्होंने एम्स की पुस्तक ‘एम्स ऋषिकेश’ का विमोचन भी किया गया। संस्थान की फैकल्टी द्वारा अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
एम्स निदेशक डा. राजकुमार ने बताया कि एमबीबीएस कक्षाओं के लिए लेक्चर थियेटर, डेमोस्ट्रेशन और रीडिंग रूम सुचारु रूप से चल रहे हैं। शव विच्छेदन, इमबाल्मींग, कैडावैरिक वर्कशाप के लिए डिसक्शन हॉल तैयार किया गया है। बताया कि ओपीडी सेवाओं के साथ संस्थान में प्लाज्मा ग्लूकोज, लीवर, किडनी आदि के परीक्षण की सेवाएं दी जा रही हैं।