देहरादून। गंगा में कूड़ा-कचरा फेंकने जा रहे हैं, जरा हाथ रोक लीजिए। गंगा को मैली करने का अंजाम यह भी हो सकता है कि आगे पीढ़ियां ही न बढ़ें। गंगा ही नहीं यमुना, घाघरा समेत दूसरी नदियों में डाली जा रही गंदगी से पानी में मरकरी, लेड और आर्सेनिक जैसे जहरीले तत्व मानव शरीर में पहुंचकर प्रजनन क्षमता पर असर डाल रहे हैं। यह खुलासा हुआ है पीजीआई चंडीगढ़ की ओपीडी सर्वे रिपोर्ट में।
रविवार को दून स्थित श्री गुरु राम राय मेडिकल कालेज में आयोजित सिंपोजियम में पीजीआई चंडीगढ़ के न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर एस प्रभाकर ने यह रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि नदियों के पानी में मिले जहरीले तत्व सिंचाई के बाद फसलों के जरिये मानव शरीर तक पहुंच रहे हैं। इससे पुरुषों में शुक्राणु घटने के साथ ही नसों में कमजोरी के मामले भी बढ़ रहे हैं। इससे शारीरिक नपुंसकता भी आती है।
प्रोफेसर प्रभाकर ने एक अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय शोध का हवाला देते हुए यह भी बताया कि नदियों में डाली जा रही फैक्ट्रियों, टेनरियों की गंदगी रिसकर भूजल में भी फैल रही है। पहाड़ों में जहां फैक्ट्रियां हैं, वहां भी पानी खराब हो रहा है। मैदानी क्षेत्रों में तो नदियों में जहरीले तत्वों का लोड काफी अधिक हो जाता है। उन्होंने बताया कि फसलों पर छिड़के जाने वाले कीटनाशक भी मानव स्वास्थ्य पर हानिकारक असर डाल रहे हैं।