देहरादून। हाथी प्रभावित क्षेत्र सात मोड़ और ढालवाला के पास शाम छह बजे से रात नौ बजे तक कानवाई सिस्टम लागू किया जाएगा। यानी कोई भी वाहन अकेले इन क्षेत्रों से नहीं गुजरेगा। साथ ही दुपहिया व अन्य छोटे वाहनों पर शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक प्रतिबंध रहेगा। कानवाई सिस्टम के तहत भी एक-एक घंटे के अंतराल पर वाहनों के काफिले को छोड़ा जाएगा। आपातकालीन स्थिति को छोड़कर रात नौ से लेकर सुबह छह तक दोनों मार्ग बंद रहेंगे। आयुक्त गढ़वाल कुणाल शर्मा ने बुधवार को देहरादून और टिहरी के जिलाधिकारी को यह व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया।
सात मोड़ के पास सोमवार को हुई घटना के बाद इस व्यवस्था को लागू कराने के लिए मुख्य वन संरक्षक गंभीर सिंह आयुक्त गढ़वाल से लगातार संपर्क में थे। दोनों मार्गों पर पुलिस की मदद से शाम छह से सुबह छह बजे के बीच दोपहिया और छोटे वाहनों को सख्ती से रोका जाएगा। इसको लेकर आयुक्त गढ़वाल ने पुलिस अधिकारियों को भी निर्देश दिया। मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल गंभीर सिंह के अनुसार केवल आपातकालीन स्थिति में कानवाई सिस्टम से रात में वाहनों को पार कराया जाएगा, जिससे कोई घटना न होने पाए। इससे पहले जंगलात महकमे की ओर से सात मोड़ और ढालवाला के बीच गश्त टीमों की संख्या चार से बढ़ाकर सात कर दी गई थी। सात मोड़ के पास जहां पहले दो टीमें गश्त करती थी, वहां अब चार टीमें रहेंगी। ढालवाला में दो से बढ़ाकर तीन टीमें की गई हैं।