देहरादून। गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए दून से एनसीसी कैडेट्स कई दिन पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। इनमें से कुछ कैडेट आरडी परेड में शामिल होंगे तो कुछ पीएम रैली का हिस्सा बनेंगे।
26 जनवरी को दिल्ली में आयोजित होने जा रही आरडी परेड में डीएवी कालेज के 19 कैडेट्स शामिल होने जा रहे हैं। कालेज के प्राचार्य डा. देवेंद्र भसीन ने बताया कि इनमें 14 छात्र और पांच छात्राएं शामिल हैं। अंडर आफिसर एकांश विभोर दल का नेतृत्व कर रहे हैं। एसजीआरआर पीजी कालेज के 17 कैडेट्स गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली गए हैं। कालेज के प्राचार्य प्रो. वीए बौड़ाई ने बताया कि इनमें से सात कैडेट आरडी परेड में शामिल होंगे, जबकि 10 कैडेट पीएम रैली का हिस्सा बनेंगे। डीबीएस पीजी कालेज के प्राचार्य ओपी कुलश्रेष्ठ ने बताया कि उनका एक छात्र चंद्रकांत बड़ोनी आरडी परेड का हिस्सा बनेगा। एमकेपी पीजी कालेज की कार्यवाहक प्राचार्या डा. किरन सूद ने बताया कि उनकी एक एनसीसी कैडेट आरडी परेड में जबकि एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली गई है।
इनसेट-
दो छात्र होंगे प्रधानमंत्री बॉक्स में
प्रधानमंत्री बॉक्स से गणतंत्र दिवस परेड का साक्षी बनने के लिए दून के भी दो युवा दिल्ली पहुंचे हैं। विकासनगर निवासी सिराजुद्दीन पुत्र मिराजुद्दीन और अजबपुर कलां निवासी ज्योति रावत पुत्री विनोद सिंह रावत का चयन इस खास मौके के लिए हुआ है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सिराजुद्दीन के पिता की विकासनगर में दुकान है जबकि ज्योति का चयन एयर फोर्स के लिए हाल ही में हुआ है।