देहरादून। शासन स्तर पर बिल्डिंग बायलॉज में संशोधन करने की तैयारी चल रही है। कई महत्वपूर्ण निर्णय किए जाने हैं। इनमें 60 वर्ग मीटर से कम क्षेत्रफल पर आवासीय नक्शे स्वीकृत करने का मामला भी शामिल है। साफ है कि शासन स्तर पर ही लोगों को राहत मिल सकती है। ऐसे में एमडीडीए की ओर से इस मसले पर गठित कमेटी ने भी अपने कदम थाम लिए हैं।
19 दिसंबर को एमडीडीए की बोर्ड बैठक में सभी सदस्यों ने 60 वर्ग मीटर से कम क्षेत्रफल पर आवासीय मानचित्र पास करने पर सहमति जताई थी, लेकिन क्षेत्रफल न्यूनतम कितना हो यह तय नहीं किया जा सका था। ऐेसे में बोर्ड ने चार सदस्यीय कमेटी बनाई थी। हालांकि अभी तक कमेटी की कोई बैठक नहीं हुई थी। बताया जा रहा है कि यह मामला शासन स्तर पर भी चल रहा है, लिहाजा वहीं से निस्तारण होने की उम्मीद है।
एमडीडीए वीसी आर मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि शासन में बिल्डिंग बायलॉज के कई महत्वपूर्ण संशोधन करने की तैयारी है। इसमें 60 वर्गमीटर से कम भूमि पर मानचित्र पास करने को लेकर भी संशोधन किया जाएगा। ऐसे में अब एमडीडीए स्तर पर पहल का कोई मतलब नहीं रह गया है।