देहरादून। प्रदेश में सबसे सुरक्षित मानी जानी वाली दून जेल में भी कई मोबाइल ऑपरेट किए जा रहे हैं। मोबाइल पर ही कई बदमाश रंगदारी और फिरौती वसूल रहे हैं। इस बाबत गोपनीय सूचना के बाद एसओजी मामले की जांच में जुट गई है। तीन बार जेल में पूछताछ भी की गई है। इसके बाद कुछ संदिग्ध नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि जेल में बंद कई बड़े बदमाश शक के दायरे में हैं।
कुछ समय से दून जेल में बंद कई बड़े अपराधियों की अप्रत्यक्ष रूप से अपराधों में शामिल होने की सूचनाएं आ रही हैं। इसके लिए उनके मोबाइल इस्तेमाल करने की बात भी सामने आ रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस को जेल से कई बार थोड़ी-थोड़ी देर के लिए कुछ मोबाइल नंबर ऑपरेट होने की सूचना मिली है। इन्हें सर्विलांस पर लगाया गया है। खास बात यह है कि जेल में मोबाइल नेटवर्क जाम करने के लिए जैमर भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद फोन चलना जेल प्रशासन पर सवाल खड़े कर रहा है। बताया जा रहा है कि एसओजी टीम इस मामले में तीन बार जेल में पूछताछ के लिए जा चुकी है।
हमारे पास इस तरह की सूचनाएं हैं कि जेल में मोबाइल इस्तेमाल किए जा रहे हैं। इसकी जांच करवाई जा रही है। इसके लिए मोबाइल सर्विलांस का भी सहारा लिया जा रहा है।
-केवल खुराना, एसएसपी