ऋषिकेश। शिवपुरी में गंगा की सहायक नदी हेंवल गदेरे में दिल्ली की एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में डूब गई। लापता होने पर जल पुलिस और पीएसी के गोताखोरों ने नदी में तलाशी अभियान चलाया, मगर उसका पता नहीं चल सका। युवती यहां दोस्तों के साथ रिवर राफ्टिंग के लिए आई थी।
मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक, मंगलवार देर रात दो युवतियां और एक युवक कार से शिवपुरी पहुंचे। शिवपुरी में बीच कैंप पर एक हट किराए पर ली। हट में सामान रखने के बाद तीनों नहाने के लिए गंगा की सहायक नदी हेंवल गदेरा मे उतर गए। इसी बीच तेज बहाव की चपेट आने से एक युवती डूब गई। बुधवार तड़के सूचना पर जल पुलिस और पीएसी के जवानों ने नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, मगर शाम तक भी उसका पता नहीं चल सका। प्रभारी निरीक्षक राजीव डंडरियाल के मुताबिक लापता युवती की पहचान सुगंधा (26) पुत्री अनिल कनवर निवासी 15/8 ईस्ट पटेल नगर, नई दिल्ली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती गुड़गांव स्थित एक फर्म में एचआर एक्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थी।
इंसेट
शराब पीने का शौक पड़ा भारी
पुलिस के मुताबिक हादसे में शराब पीने का शौक भारी पड़ा। पुलिस ने बताया कि जिस कार को वे दिल्ली से हायर कर लाए थे, उसके चालक ने बताया कि देर रात शिवपुरी पहुंचने के बाद युवक और युवतियों ने बीच कैंप में हट लेकर सामान रखा और पास ही हेंवल गदेरे के किनारे शराब पीने लगे। नशा चढ़ने पर तीनों नदी में उतर गए, इसी बीच सुगंधा तेज बहाव की चपेट में आकर पानी में डूब गई।