देहरादून। आईटीबीपी परिसर में माली का काम करने वाला व्यक्ति सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से पैसे ऐंठने का आरोपी निकला। एक महिला की ओर से दी गई शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से आईटीबीपी के डीआईजी के पदनाम की मुहर बरामद हुई है।
कुछ लोगों की शिकायत पर पटेलनगर पुलिस ने मूलरूप से शामली और हाल निवासी साईलोक, झींवरहेडी, देहरादून में रहने वाले अजीत कुमार शर्मा को रविवार को हिरासत में लिया था। पुलिस के अनुसार कुछ समय पहले तक अजीत आईटीबीपी परिसर के बाहर स्थित एक डेयरी काउंटर पर काम करता था। काउंटर बंद होने के बाद वह लेबर सप्लाई करने वाले ठेकेदार के मार्फत आईटीबीपी परिसर में माली के रूप में काम करने लगा। इसी दौरान उसने अपने आपको आईटीबीपी में अधिकारी बताकर सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर पैसे ऐंठने शुरू कर दिए। मियांवाला निवासी रश्मि डंगवाल पत्नी अचलानंद डंगवाल ने आरोपी के खिलाफ अपने बेटे को नौकरी लगवाने के नाम पर 40 हजार रुपये ऐंठने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। जांच अधिकारी बृजपाल सिंह ने बताया कि जांच के दौरान कई अन्य लोगों से भी आरोपी के द्वारा पैसे ऐंठने की बातें सामने आई है। सोमवार को पुलिस उसे आईटीबीपी परिसर में भी ले गई, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों से भी उसके बारे में पूछताछ की गई।