पिछले वर्ष दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में हुए सशस्त्र संघर्षों में 12,000 से अधिक बच्चे मारे गए या घायल हुए। इनमें सबसे ज्यादा बच्चे अफगानिस्तान, सीरिया और यमन में हताहत हुए। संयुक्त राष्ट्र की एक नई रिपोर्ट में बताया गया है कि ये मौतें या चोट पहुंचाना बच्चों के खिलाफ होने वाले उन 24,000 से अधिक क्रूर हिंसा में शामिल हैं जिनकी संयुक्त राष्ट्र ने पुष्टि की है।
- अफगानिस्तान- 3,062 बच्चों की मौत
- सीरिया- 1,854 बच्चों की मौत
- यमन- 1,689 बच्चों की मौत
इन घटनाओं में लड़ाकों द्वारा बच्चों का इस्तेमाल किया जाना या उनकी नियुक्ति करना, यौन हिंसा, अपहरण और स्कूलों एवं अस्पतालों पर हमले शामिल हैं। यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरस की बच्चों एवं सशस्त्र संघर्षों पर सुरक्षा परिषद को सौंपी गई वार्षिक रिपोर्ट में कई और चिंताजनक तथ्य सामने आए हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार एवं अंतरराष्ट्रीय बलों द्वारा किए जाने वाले अपराधों की संख्या में खतरनाक वृद्धि देखी गई है। बच्चों के खिलाफ क्रूर अपराध करने वाले देशों को संयुक्त राष्ट्र की काली सूची में शामिल किया गया है, लेकिन इस सूची में अब भी कोई बदलाव नहीं हुआ है।