राजधानी में नई उम्र कार चालक सड़कों पर खूब कहर बरपा रहे हैं। ताजा मामले में बृहस्पतिवार को अल्टो कार चालक 18 साल के युवक ने मंडावली इलाके में कई लोगों को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद भागने का प्रयास किया तो लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। इसी बीच कार चालक का जानकार युवक वहां पहुंचकर उसे भीड़ से बचाने का प्रयास किया। फिर पिस्टल निकालकर हवाई फायर करने के बाद सीधे भीड़ पर गोली चला दी।
एक गोली राहुल (19) नामक युवक को लगी। उसे गंभीर हालत में मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कार चालक शिवम (18) को प्रीत विहार थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गोली चलाने वाले राजेंद्र सिंह की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा बृहस्पतिवार दोपहर मंडावली रेलवे ट्रैक के पास हुआ। शिवम अपने नाबालिग भाई के साथ मंडावली से प्रीत विहार की ओर अल्टो कार में जा रहा था।
रिक्शा को बचाने के चक्कर में उसने दो बाइकों को टक्कर मार दी
अचानक एक रिक्शा को बचाने के चक्कर में उसने दो बाइकों को टक्कर मार दी। बाइक सवारों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह कार भगाने लगा। जल्दबाजी के चक्कर में उसने करीब आधा दर्जन लोगों को टक्कर दी।
कुछ ही दूर जाकर प्रीत विहार इलाके में यूनिवर्सल स्कूल के पास जाकर उसे पकड़ लिया गया। भीड़ ने शिवम को पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच एक बाउंसर दिखने वाले शिवम का जानकार वहां पहुंच गया। उसने लोगों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ उसे पीटती रही।
आरोपी ने पिस्टल निकालकर लोगों को डराना चाहा। हवा में गोली भी चलाई, लेकिन लोग नहीं रुके। इस बीच आरोपी ने पिस्टल से सीधे भीड़ की ओर गोली चला दी। गोली भीड़ में खड़े राहुल को जा लगी।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। राहुल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शिवम को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही गोली चलाने वाले आरोपी की तलाश कर रही है। राजेंद्र सिंह सेना का पूर्व जवान बताया जा रहा है।