दक्षिण जिले की आरकेपुरम व साकेत थाना पुलिस ने अलग-अलग जगहों से पांच वाहन चोर व रिसीवर को गिरफ्तार किया है। ये मेरठ से आते थे और दिल्ली व एनसीआर से वाहन चुराकर रफूचक्कर हो जाते थे।
पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के 26 वाहन बरामद किए हैं। आरोपी दिल्ली व एनसीआर से वाहन चुराकर मेरठ में बेचते थे। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से वाहन चोरी के 40 मामलों का खुलासा करने का दावा किया है।
दक्षिण जिला डीसीपी ईश्वर सिंह के अनुसार जिले में बढ़ रही वाहन चोरी की वारदातों को देखते हुए आरकेपुरम थानाध्यक्ष नीरज चौधरी की देखरेख में एसआई विजय कौशिक व हवलदार गुलाब सिंह की विशेष टीम बनाई गई।
इस पुलिस टीम को जांच में पता लगा कि मुजफ्फरनगर, यूपी का वाहन चोर गिरोह दिल्ली व एनसीआर में सक्रिय है। एसआई विजय कौशिक को 25 जुलाई को मिली सूचना के बाद गांव मेहालवाला थाना किठौर, जिला मेरठ यूपी निवासी रिंकू कुमार (32) को आर्यन होंडा सर्विस सेंटर गढ़ रोड, किठौर, मेरठ के पास से पकड़ लिया। इसके पास से चोरी की स्कूटी मिली।
पुलिस ने पांच वाहन चोर व रिसीवर को किया गिरफ्तार
रिंकू से पूछताछ के बाद उससे चोरी के वाहन खरीदने वाले रिसीवर गांव शाहजमल, थाना किठौर, जिला मेरठ यूपी निवासी सलमान (35) को पकड़ लिया। इसके पास से चोरी की बाइक मिली। उसने बताया कि वह चोरी के काफी वाहन मेरठ के वसीम लोट्टी, इकरार और राशिद को बेच चुके हैं।
इन दोनों से पूछताछ के बाद इनके दो रिसीवर साथी गुरुद्वारा, सोतीगंज, मेरठ, यूपी निवासी अकबर उर्फ बब्बू उर्फ मंगू (50) और पूर्वी फैयाज अली, थाना दिल्ली गेट, मेरठ यूपी निवासी इरफान उर्फ छंगू (36) को गिरफ्तार कर लिया।
इनकी निशानदेही पर चोरी की 11 मोटरसाइकिल, पांच स्कूटी और मोटरसाइकिल के चार इंजन बरामद किए। साकेत थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गांव कांधारपुर, जिला बरेली, यूपी निवासी दिनेश उर्फ दीपक (23) को गिरफ्तार किया है।
उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद की गई। आरोपी ने साकेत थाना इलाके से बोलेरो कार चोरी करने की बात स्वीकार की है। उसने अपने साथियों के नाम चंदौसी यूपी निवासी फराज और दानिश बताए। इनकी निशानदेही पर तीन कार व दो मोटरसाइकिल बरामद की गईं।