छिबरामऊ विकास खंड के एक पूर्व माध्यमिक विद्यालय की दो सहायक टीचरों ने स्कूल के हेड टीचर पर वाशरूम जाने के दौरान क्लिप बनाने का आरोप लगाया है। टीचरों ने बेसिक शिक्षाधिकारी, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक के पास शिकायत दर्ज कराई है। छिबरामऊ विकास खंड के एक पूर्व माध्यमिक विद्यालय के हेड टीचर पर उन्हीं की विद्यालय की दो सहायक टीचरों ने वाशरूम जाने के दौरान छुपकर वीडियो क्लिप बनाने का आरोप लगाया है।
सहायक टीचरों का कहना है कि मामला चार दिन पहले का है। दोनों टीचर वाशरूम गई थीं। इस दौरान हेड टीचर छुपकर उनकी क्लिप बना रहे थे। रोशनदान पर हेड टीचर को मोबाइल लेकर खड़ा देखने पर दोनों महिला टीचरों ने शोर मचाया। इस पर पड़ोस के प्राथमिक विद्यालय के टीचर, छात्र के अलावा गांव के ग्रामीण एकत्र हो गए। उस दौरान सभी लोगों ने मामले को रफा-दफा कर दिया। टीचरों ने कहा कि दो दिन तक सब कुछ शांत रहने के बाद आरोपी हेड टीचर ने दोबारा उनके पढ़ाने के दौरान फोटो खींची। टीचरों ने कहा कि हेड टीचर अक्सर फब्तियां कसते हैं।
एक सहायक अध्यापिका ने कहा कि जब उन्होंने अपनी शादी के लिए उनसे अवकाश मांगा तो उससे भी अभद्रता की। उधर, आरोपी हेड टीचर का कहना है कि उनके पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। प्राथमिक विद्यालय में नियुक्त समायोजित शिक्षामित्र से यह टीचरें घंटों बातें करती हैं। मना करने पर उनके खिलाफ षड़यंत्र रचा गया। एक टीचर के पति ने उनको जान से मारने की धमकी दी है। इसकी शिकायत छिबरामऊ थाने में 23 को वह दर्ज करा चुके हैं।
इधर, डीएम अशोक चंद्र ने बताया कि दोनों महिला टीचरों ने मामले की लिखित शिकायत उनके पास दर्ज कराई है। मामला महिलाओं से जुड़ा होने के कारण बेहद गंभीर है। एसडीएम छिबरामऊ को मामले की जांच सौंपी गई है। जन्माष्टमी का अवकाश पड़ जाने के कारण जांच नहीं हो सकी है। जांच रिपोर्ट आते ही कार्रवाई की जाएगी।