ताज नगरी में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शादी का वायदा कर एक युवक ने महिला का यौन शोषण किया। महिला के गर्भवती होने पर छोड़कर चला गया। गुरुवार को महिला ने युवक को टेढ़ी बगिया चौराहे पर पकड़ लिया। उसकी पिटाई लगाने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
हरीपर्वत क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि चार साल पहले उसके पति की मौत हो गई थी। उसके तीन बच्चे हैं। पति की मौत के बाद उसकी मुलाकात सिकंदरा क्षेत्र के रहने वाले युवक से हुई। युवक ने उसे प्यार के जाल में फंसा लिया। शादी का वायदा कर यौन शोषण करने लगा।
पांच महीने पहले वह गर्भवती हो गई। इसका पता चलने पर प्रेमी उसे छोड़कर चला गया। गुरुवार को महिला अपनी बहन के घर दोपहर में कालिंदी विहार जा रही थी। टेढ़ी बगिया चौराहे पर वाहन का इंतजार कर रही थी। तभी उसे प्रेमी एक आटो में बैठकर जाता हुआ दिख गया। उसने शोर मचा दिया। लोग जुट गए। लोगों ने प्रेमी को पकड़ लिया। महिला ने उसकी पिटाई लगाई। लोगों ने भी उसे पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे थाने ले गई। हालांकि पुलिस ने उसे थाने से छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि महिला ने तहरीर नहीं दी है।