जयपुर में एक महिला गिरोह ने ज्वैलरी की दुकान में बेहद शातिर तरीके से खरीदारी के बहाने ज्वैलरी मालिक को चकमा दिया और करीब चार लाख रुपए के सोने के आभूषण चुराकर भाग गई। वारदात के पीड़ित ज्वैलर ने माणकचौक थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज करवाया।
माणकचौक इलाके में मेहंदी के चौक स्थित राधिका ज्वैलर्स में ज्वैलरी खरीदने के लिए चार महिलाओं आई। तब काउंटर पर दुकान संचालक गोविंददास की पत्नी नीतू बैठी थी। महिलाओं ने वहां मौजूद नीतू को हल्के आभूषण दिखाने के बहाने बातों में उलझा लिया। इसी दौरान एक महिला ठग ने नजरें बचाकर काउंटर के अंदर रखा एक पैकेट चुरा लिया। जिसमें करीब एक दर्जन सोने की अंगूठियां रखी थी।
वारदात के बाद ज्वैलरी व्यवसायी ने आभूषण संभाले तब अंगूठियों का एक पैकेट कम मिला। तब पीड़ित गोविंद दास ने माणक चौक थाने में बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कराई। दुकान संचालक गोविंद दास ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चैक किया। फुटेज के अनुसार 30 अप्रैल की शाम को ज्वैलरी खरीदने के लिए चार महिलाएं दुकान पर आई थी। फुटेज में मिलने के बाद पुलिस को अभी तक महिलाओं को कोई सुराग नहीं मिला है।