कीडगंज के चौखंडी में रहने वाले ठेकेदार के बेटे के अपहरण केस का पुलिस ने आज खुलासा किया। पुलिस के अनुसार बच्चे को दो नाबालिगों ने अगवा किया था। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अपहृत बच्चा रात में ही मिल गया था।
पुलिस अफसरों ने बताया कि खर्चे पूरा करने के लिए दोनों ने बच्चे को अगवा कर पांच लाख की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों को मीडिया के सामने पेश किया।
एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अर्पित शर्मा(17) पुत्र रामअवतार शर्मा निवासी रीवा, मप्र, हाल पता नई बस्ती कीडगंज व सत्यम चौरसिया(16) पुत्र गोपीनाथ चौरसिया निवासी रीवा मप्र, हाल पता कीडगंज बीच वाली सड़क हैं।
बताया कि सातवीं का छात्र वैभव रविवार शाम घर से निकलकर अपने दोस्त के घर जा रहा था। इसी दौरान अर्पित व सत्यम बाइक से पहुंचे। अर्पित पहले बगल में किराए पर रह चुका था, ऐसे में वैभव उसे पहचानता था। अर्पित ने कहा कि वह उसे बाइक से छोड़ देगा जिस पर वैभव बाइक में बैठ गया।