घर के कमरे में लगी आग से जला सामान
- फोटो : अमर उजाला
गांव बहादुरपुर में बंद मकान में बुधवार की देर शाम लगी आग से नगदी और सामान सहित करीब दो लाख की संपत्ति जलकर राख हो गई। पड़ोसियों की मदद से गृहस्वामी ने आग पर काबू पाया।
बहादुरपुर गांव निवासी अवधेश कुमार पुत्र चेतराम दोहरे बुधवार को अपने मकान में ताला डालकर मुंडन संस्कार में शामिल होने गांव के बाहर गए थे। देर शाम जब वह परिजनों के साथ लौटे तो मकान के मुख्य कमरे से धुआं उठते देखा।
मुख्य दरवाजे को खोल कर अंदर गए तो कमरे में रखा सारा सामान जल कर राख हो चुका था। अवधेश ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को एकत्र किया।
ग्रामीणों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। अवधेश के मुताबिक, आग कैसे लगी, यह उसे नहीं पता। आग से करीब 70 हजार की नगदी के अलावा जेवरात, कपडे़, बिस्तर सहित अन्य सामान जल कर नष्ट हुआ है। करीब दो लाख का नुकसान हुआ है। संभावना है कि आग चूल्हे की चिंगारी से लगी है।