चोरी के बाद दुकान का टूटा शटर व बिखरे पड़े टायर।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। गांव भाऊपुर खुर्द में टायर की दुकान का शटर उचका कर चोर दो लाख रुपये कीमत के टायर व ट्यूब चोरी कर ले गए। रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर दी गई है। शहर कोतवाली के मोहल्ला लालदरवाजा निवासी मोहम्मद शाहिद की गांव भाऊपुर खुर्द में टायर ट्यूब की दुकान है।
दुकान के नीचे ही गोदाम है। गुरुवार की रात चोर दुकान का शटर उचका कर अंदर घुस गए और वहां रखे टायर साथ लाए डीसीएम में लाद लिए। इस बीच खटपट की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोगों की आंख खुल गई। उनके शोर मचाने पर चोर डीसीएम समेत भाग गए। इस दौरान तमाम टायर बाहर ही बिखरे रहे।
घटना की सूचना यूपी 100 पुलिस के साथ ही दुकानदार को दी गई। सूचना मिलने पर दुकानदार और पुलिस मौके पर पहुंच गए। दुकानदार ने बताया कि चोर उनके यहां से करीब दो लाख के टायर ट्यूब ले गए हैं। दुकानदार के यहां इससे पहले भी चोरी की वारदात हो चुकी है। कोतवाल अनूप निगम का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।