खोड़ा थाना क्षेत्र की एक किशोरी को कार में खींचकर रेप की कोशिश करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक के चंगुल से किसी तरह छूटकर कार से कूदी पीड़िता पास में खड़ी पीसीआर तक पहुंची। किशोरी ने पुलिस को आपबीती सुनाई, हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी कार लेकर भाग गया।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर देर रात युवक को गिरफ्तार कर लिया।एक किशोरी (17) खोड़ा थाना क्षेत्र की एक कालोनी में परिवार के साथ रहती है। वह मंगलवार सुबह सरस्वती विहार में अपनी सहेली से मिलने गई थी। वह दोपहर करीब 12 बजे वहां से घर पैदल ही लौट रही थी।
खोड़ा गांव निवासी दीपक उर्फ देव सफेद कार से एक व्यक्ति को छोड़ने के लिए वहां आया। उक्त व्यक्ति के उतरने के बाद दीपक कार के पास खड़ा था। आरोप है कि जैसे ही पीड़िता कार के पास पहुंची तो दीपक ने उसे कार के अंदर खींच लिया। दीपक ने उससे रेप करने की कोशिश की।
आरोपी के चंगुल से किसी तरह छूटकर कार से कूदी पीड़िता पास में खड़ी पीसीआर तक पहुंची और पुलिस आपबीती बताई। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही दीपक कार लेकर भाग गया। एसएचओ खोड़ा जेपी चौबे ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर रात में दीपक को घर से दबोच लिया गया।
दीपक शादीशुदा है। जांच में पता चला है कि 11 मई को भी दीपक ने किशोरी से छेड़खानी की थी।