दबंगों ने युवक को मारपीट कर गला घोंटकर हत्या कर दी। शव घर से कुछ दूर फांसी के फंदे पर लटकता मिला। मां ने गांव के चार लोगों को नामजद करते हुए कोतवाली में तहरीर दी है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के पवइया गांव निवासी जनार्दन सिंह (35) पुत्र नरोत्तम सिंह का शव गुरुवार को सुबह घर से कुछ दूर पेड़ पर फांसी पर टंगा मिला। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की मां बिजमा देवी ने बताया कि पड़ोसी दबंग आए दिन शराब के नशे में धुत होकर अभद्रता करते हैं।
विरोध करने पर दबंगों ने दो दिन पूर्व जनार्दन सिंह की पिटाई की थी। बुधवार की रात खेत जा रहे पुत्र को दबंगों ने दबोच लिया। लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीट कर मरणासन्न कर दिया। रस्सी का फंदा कसने के बाद गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव फांसी पर लटका दिया।
उधर, कोतवाली प्रभारी पीके सिंह का कहना है कि युवक की हत्या नहीं हुई है। बल्कि घरेलू कलह से परेशान होकर आत्महत्या की है। माना कि दो दिन पहले जनार्दन का विवाद नामजद दबंगों से हुआ था। पुलिस भी मौके पर गई थी। लेकिन कोई मिला नहीं था। उन्होंने मां द्वारा तहरीर दिए जाने की बात से इनकार किया।
कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। उधर, पोस्टमार्टम सूत्रों के मुताबिक पिटाई से जनार्दन के जिस्म पर चोटें के निशान मिले हैं। गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है।