धामपुर के गांव मोहड़ा से बरामद चोरी में इस्तेमाल की गई कार।
- फोटो : अमर उजाला
धामपुर में रानीबाग कालोनी से चोर दिनदहाड़े एक फौजी के बंद मकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये के जेवर सहित हजारों की नकदी चोरी कर ले गए। घटना से कालोनी में हड़कंप मच गया। घटना का पता पीड़ित मकान मालिक के घर वापस आने पर लगा।
चोरी की घटना में इस्तेमाल कार को गांव मोहड़ा में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने लावारिस कार को बरामद कर घटना की जांच शुरू कर दी है। कालोनी निवासी मुकेश कुमार ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह फौज में नौकरी करता है। दीपावली पर वह घर आया हुआ था। रानीबाग कालोनी स्थित घर में दीपावली मनाने के बाद वह पूरे परिवार के साथ सोमवार को गांव शाहपुर बड़वा चला गया था। घर पर ताले लगे थे। जब वह मंगलवार सवेरे घर पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। घर के दरवाजों के ताले टूटे थे। आलमारी के ताले टूटे थे। आलमारी से चोरी सोने की चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र, बाली, झुमके एवं चांदी के दो जोड़ी पायल, चांदी के सात सिक्के सहित 95 हजार रुपये चोरी कर ले गए थे। घटना की हकीकत का उस समय पता लगा जब पुलिस ने गांव मोहड़ा से चोरी की गई स्विफ्ट कार बरामद की। कालोनीवासियों ने बताया कि मंगलवार को दिनभर यह कार मुकेश के घर के सामने खड़ी रही।
कालोनीवासियों ने इसलिए पूछना जरूरी नहीं समझा कि शायद रिश्तेदार मुकेश के घर पर आए हुए हैं। कार करीब दो घंटे तक घर के बाहर खड़ी रही, लेकिन पड़ोसियों को भनक तक नहीं लगी और चोर बंद मकान से लाखों रुपये के जेवर समेटकर ले गए।
पुलिस ने कार बरामद कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि चोरों ने घटना में जो कार इस्तेमाल की है वह भी चोरी की गई हुई है। कोतवाल मुनीष चंद शर्मा का कहना है कि घटना की जांच चल रही हैै। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही घटना का खुलासा होगा।