थाना क्षेत्र के बेसड़ी गांव में किसान का परिवार सोता रहा और चोर लाखों के माल पार कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो संदिग्धों को उठाकर पूछताछ शुरू की है।
गांव निवासी ननकउना लोधी सपरिवार दूसरी मंजिल पर सोए थे। रात करीब तीन बजे खटपट की आवाज सुनाई देने पर इनकी नींद खुली। चोरों के घर में होने के शक पर चीख पुकार की। तभी दो लोग गेट खोलकर भागते दिखे। पूरा परिवार भागकर नीचे गया तो पाया कि कमरों के ताले टूटे पड़े थे।
अलमारी और लॉकर भी तोड़कर सारा माल चोर समेट ले जा चुके थे। ग्रामीण कपूर सिंह यादव ने यूपी 100 नंबर में घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को पीड़ित ने बताया कि 70 हजार रुपये नकदी, करीब डेढ़ लाख के जेवरात चोरी हुए हैं। पुलिस ने पीड़ित से संदिग्धों के बारे में पूछताछ की। इसके बाद दो लोगों को थाने ले गई। एसओ नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।