सलेमपुर। जमुआर नाले पर बने पुल से गिरकर बाइक सवार एक युवक की रविवार की रात मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। 24 घंटे के अंदर दो युवकों की मौत से इलाके के लोग सहमे हैं। गांववालों की मदद से नाले से लाश को बाहर निकाला गया गया। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बरहज थानाक्षेत्र के करायल शुक्ल गांव से लार के चुरिया गांव में रविवार को बरात गई थी। इसमें शामिल होने के लिए करायल शुक्ल गांव निवासी मोतीलाल धोबी का 21 वर्षीय बेटा सत्येंद्र कुमार एक साथी के साथ बाइक से जा रहा था। रात करीब 9.30 बजे वह पिपराबांध पुल पर पहुंचा था कि उसकी बाइक पुल की रेलिंग से टकराकर जमुआर नाले में गिर गई। यह देख पिपरा बांध के लोग उधर दौड़ पड़े और डूब रहे दोनों युवकों को बाहर निकाला।
इसमें सत्येंद्र की मौत हो चुकी थी, जबकि घायल दूसरे युवक को लोगों ने एक निजी डॉक्टर के यहां पहुंचाया जहां उसका इलाज हुआ। युवक के जेब में मिले मोबाइल के जरिए पुलिस ने पहचान की।
एक दिन पूर्व मईल के नेनुआ गांव में अपने मौसा के घर आए बलिया जिले के सिकंदरपुर थानाक्षेत्र के खरीद गांव निवासी ध्रुवनरायण का 20 वर्षीय बेटा गौरव यादव भी स्कूटी लेकर इस पुल से जमुआर नाले में गिर गया था। इससे उसकी मौत हो गई थी।
इस बाबत मईल एसओ नेहरू ने बताया कि लाश को पीएम के लिए भेज दिया गया है।