हिमाचल के मंडी जिले के धर्मपुर में मोबाइल पर दोस्तों से बात करने से मां ने रोका तो 12 वर्षीय आठवीं कक्षा की एक छात्रा ने अपने कमरे में चुन्नी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार देर शाम सरी पंचायत की है।
पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी धर्मपुर सूरम सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पाया गया है कि घटना से कुछ देर पहले मोबाइल पर बात करने को लेकर मां ने छात्रा को टोका था।
उसके हाथ से मोबाइल भी छीन लिया था। आवेश में आकर छात्रा ने अपना कमरा बंद कर दिया। पिता खाना खाने के लिए बुलाने गए तो उसने दरवाजा नहीं खोला।
बार-बार खटखटाने पर भी दरवाजा नहीं खोला तो पिता ने गांववालों को बुला लिया और दरवाजा तोड़ दिया। भीतर देखा तो लड़की पंखे से लटकी हुई थी।
पुलिस के अनुसार मृतक छात्रा स्थानीय गांव के वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सरी में आठवीं की पढ़ाई कर रही थी। अध्यापकों के अनुसार वह पढ़ाई-लिखाई में होशियार थी। डीएसपी चंद्रपाल ने कहा कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।