पाकिस्तान के नंबर से लाखों की लाटरी का झांसा देकर कोटद्वार की महिला से साढ़े आठ लाख रुपये ठगने वाले को स्पेशल टास्क फोर्स ने वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पाकिस्तान में कुछ नंबरों पर लगातार संपर्क में था और उसका नेपाल आना-जाना लगा रहता था। खुफिया तंत्र उसके पाकिस्तान और नेपाल के रिश्तों को लेकर गहनता से पूछताछ कर रहा है।
एसटीएफ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी ने बताया कि पौड़ी गढ़वाल जिले के मानपुर सुखरौ (कोतवाली कोटद्वार) निवासी श्रीमती किरण गुंसाई पत्नी विनोद गुंसाई ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पाकिस्तान के नंबर से आई कॉल में लाखों की लाटरी निकलने का झांसा दिया गया।
सिक्योरिटी के बहाने कई खातों में साढे़ आठ लाख रुपये जमा करा लिए गए। यह रकम वसूलने के बाद आरोपी ने नंबर को बंद कर दिया। इस मामले की जांच एसटीएफ से संबद्ध साइबर थाने को दी गई। जांच में पता चला कि यह रकम वाराणसी के बाबतपुर निवासी कुंवर सिंह उर्फ कृ ष्ण राय ऊ र्फ छोटू के खाते में स्थानांतरित की गई।
पुलिस टीम ने वाराणसी में छापा मारकर कुंवर सिंह को दबोच लिया। उन्होंने बताया कि वह पाकिस्तान के कुछ नंबरों से संपर्क में था। पाकिस्तान और नेपाल से तार जुड़े होने के कारण खुफिया एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। पाकिस्तान का नंबर उसके पास कहां से आया? इस बाबत भी जानकारी जुटाई जा रही है।