गहरौली। गांव के महाविद्यालय के छात्रों व ग्रामीणों के बीच मंगलवार शाम विवाद हुआ। खुन्नस खाए छात्रों ने एक घंटे बाद अपने साथियों के साथ ग्रामीणों के घर धावा बोलकर अधेड़ को लोहे की रॉड व लाठी से पिटाई कर घायल कर दिया। घायल को परिवारीजन व पुलिस सीएससी ले गए। जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
मंगलवार की शाम करीब 8 बजे पूरन रामप्रकाश दीक्षित महाविद्यालय के दो छात्र गांव के क्वाट मुहाल में तेज रफ्तार बाइक से जा रहे थे तभी मोहल्ले के राजू यादव व प्रमोद यादव ने तेज गति से बाइक चलाने से रोका। जिससे छात्रों एवं ग्रामीणों के बीच कहासुनी हो गई। नाराज छात्रों ने एक घंटे बाद महाविद्यालय के अन्य साथियों को लेकर उसी जगह आकर धावा बोल दिया।
राजू व प्रमोद के न मिलने पर वह बद्री यादव के घर में घुस गए। बद्री यादव व उसकी पत्नी गुल्ली को लोहे की रॉड व लाठी डंडों से जमकर मारापीटा और वहां से सभी छात्र भाग खड़े हुए। परिवारीजन घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा ले आए जहाँ बद्री यादव की हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया।
हालांकि परिवारीजन रात में हमीरपुर जाने के बजाए मरीज को वापस घर ले गए बुधवार को बद्री यादव ने महाविद्यालय के छात्र बब्लू राजपूत, भूपेंद्र राजपूत व अमित सहित अन्य 7 लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा पंजीकृत कराया है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव मिश्रा ने बताया की धारा 323 504 तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।