भटनी। रेलवे लाइन के 117 नंबर ढाले के पास युवक की कटी हुई लाश मिली। लाश के पास जुटे लोगों ने ट्रेन से कटने की आशंका जताई। जीआरपी ने लाश को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
खुखुंदू थानाक्षेत्र के पुरैनी मिश्र गांव निवासी प्रदीप मिश्र (28) सोमवार की रात करीब नौ बजे घर से अपने पिता के पास बस्ती जाने की बात कह निकला। देर रात तक प्रदीप के बस्ती पहुंचने की खबर नहीं मिलने पर घर वाले परेशान हो गए। मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे कुछ लोगों ने 117 नंबर रेलवे ढाले के पास रेलवे लाइन पर एक लाश देखी।
सूचना पर पहुंची जीआरपी ने जेब में मिली डायरी से लाश की पहचान प्रदीप के रूप में की। इसके बाद उसके घर वालों को जानकारी दी गई। युवक का एक हाथ व दोनों पैर कट गया था। इसके अलावा सिर पर भी चोट के निशान थे। युवक अपने दो भाइयों में छोटा था। प्रदीप का बड़ा भाई दीपू मुंबई में काम करता है।
वह छोटी बहन रितु और मां विद्यावती के साथ घर पर रहता था।
प्रदीप की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। इस बाबत जीआरपी एसओ राजीव सिंह ने बताया कि लाश को पीएम के लिए भेज दिया गया। किसी ट्रेन से कटकर युवक की मौत हुई है।