चर्चित शीना बोरा केस में इंद्राणी के पूर्व ड्राइवर श्यामवर राय ने मुंबई में सीबीआई की विशेष अदालत में जो बयान दिया है उससे इंद्राणी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। श्यामवर राय ने मामले को नया मोड़ देते हुए कहा है कि हत्या में वह भी शामिल था।
विशेष अदालत में दिए बयान में श्यामवर राय ने कहा, 'शीना बोरी की हत्या गला घोंटकर की गई थी। घटना के बारे में जो योजना बन रही थी उसके बारे में भी मुझे जानकारी थी। हत्या को अंजाम देने में मैं भी शामिल था।'
अपने नए खुलासे में श्यामवर राय ने दावा किया उसके सामने ही शीना बोरा का गला घोंटा गया था। श्यामवर राय ने अदालत को यह भी बताया कि उसे मामले की सच्चाई बताने में न तो किसी प्रकार का डर है और न ही उस पर किसी का दबाव है। राय के नए बयान के बाद अदालत ने सीबीआई को निर्देश दिया है वह इस मामले में अपना जवाब दाखिल करे।