25 साल की युवती की मौत पर रहस्य कायम है। पुलिस सवालों के जवाब खोजने में लगी है। जिसके लिए सबसे बड़ी पड़ताल जारी है। चंडीगढ़ के 200 से ज्यादा ऑटाा चालकों से पुलिस पूछताछ कर चुकी है, लेकिन बावजूद इसके पुलिस के हाथ अब तक खाली है।
पोल्ट्री फार्म चौक के पास चलते ऑटो से संदिग्ध हालात में गिरकर रजनी की मौत सिर की हड्डी टूटने से हुई थी। इसका खुलासा डॉक्टरों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। साथ ही पुलिस ने रजनी का विसरा फोरेंसिक जांच के लिए सेक्टर 36 सीएफएसएल लैब में भेज दिया है। इससे पता चल सके कि कहीं रजनी को किसी तरह का कोई जहरीला या नशीला पदार्थ तो नहीं खिलाया गया था।
वहीं परिजन मानने को तैयार नहीं हैं कि रजनी का ऑटो से गिरना हादसा था। रजनी के पिता गुरदयाल सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी बेटी की साजिश के तहत हत्या की गई है। उसको चलते ऑटो से धक्का मारा गया था। पुलिस को हत्या का केस दर्ज करना चाहिए। पुलिस मामले को दबाने में लगी है। गुरदयाल सिंह ने बताया कि जिस जगह पर हादसा हुआ है वहां पर सड़क बिल्कुल ठीक है।
मौत पर सवाल बरकरार
- फोटो : demo pic
चंद कदम दूरी पर ही पुलिस जवान भी मौजूद होते हैं। उसके बावजूद किसी ने कैसे नहीं देखा आरोपी ऑटो चालक को और वह कैसे फरार हो गया। परिजनों ने कहा कि यूटी पुलिस सही दिशा में जांच नहीं कर रही है। हत्या के मामले को हादसा बनाने में लगी हुई है। वहीं पुलिस आरोपी ऑटो चालक की तलाश कर रही है। पुलिस ने अब तक कई ऑटो चालकों को राउंड अप कर पूछताछ कर चुकी है। पुलिस दो दिन में चंडीगढ़-अंबाला रोड पर चलने वाले 200 से ज्यादा ऑटो चालकों से पूछताछ कर चुकी है। लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी है।
यह था मामला
रजनी सोमवार रात मोहाली के 3बी 2 से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थी तभी पोल्ट्री फार्म चौक के पास वह संदिग्ध हालात में गिर गई थी। एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस रजनी को लेकर जीएमसीएच-32 पहुंची थी। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। रजनी के पति एरिक ने आरोप लगाया था कि उसकी किसी ने हत्या की है।
जिस जगह पर रजनी ऑटो से गिरी थी उस जगह पर उसे उतरना नहीं था। सेक्टर 31 थाना पुलिस ने चश्मदीद जीरकपुर निवासी पंकज हांडा की शिकायत पर अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ लापरवाही से ऑटो चलाने और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था।
पुलिस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है। आरोपी ऑटो चालक को पकड़ने के लिए पूरा जोर लगाया हुआ है। उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
जसविंदर कौर, एसएचओ सेक्टर-31 पुलिस स्टेशन