थाना परिसर में शिकायत लेकर पहुंचे सभासद गण।
- फोटो : amarujala
फफूंद (औरैया)। बकरी चरा रहे सभासद के पति की चीता मोबाइल पुलिस ने मारपीट कर घायल कर दिया । जब यह बात सभासदों को पता चली तो वह आक्रोशित हो गए और पीड़ित सभासद पति ने सभी सभासदों के साथ थाने जाकर चीता मोबाइल के दोनों सिपाहियों के खिलाफ तहरीर दी है।
वार्ड नंबर दो की सभासद रीना दोहरे के पति शीलू दोहरे ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह शुक्रवार शाम लगभग 6:30 बजे फ फूं द ककोर मार्ग पर स्थित चौबे के तालाब के पास बकरी चरा रहा था। तभी वहां पर चीता मोबाइल पर तैनात सिपाही संजीव कुमार व भरत सिकरवार आए और उससे एक हजार रुपये मांगने लगे । मना करने पर दोनों लोगों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। जिससे उसके चोटें आईं हैं ।
चीख-पुकार की आवाज सुनकर रामचंद्र ने बीच बचाव किया। उसने जब पूरी घटना के बारे में अपने सभासदों को बताया तो सभी सभासद थाने पहुंचे और चीता मोबाइल पर तैनात सिपाही संजीव कुमार व भरत सिकरवार के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, चीता मोबाइल पर तैनात सिपाही संजीव कुमार व भरत सिकरवार ने बताया कि वह एक प्रार्थना पत्र की जांच करने गए थे।
जिसमें आरोपी विशाल को पकड़ने पर सभासद पति उसको छोड़ने के लिए कहने लगा। लेकिन हम उसको ले आए। इसी बात को लेकर उन्होंने झूठे आरोप लगाए हैं । थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है ।