आतंकी और उपद्रवियों के निशाने पर पुलिस चौकी और थाने हैं। जम्मू का हीरानगर थाना हो या फिर कश्मीर के थाने, हथियार छीनने और पुलिस कर्मियों पर हमला करने का नया ट्रेंड सामने आया है। पुलिस थानों और चौकियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने नए तरीके से समीक्षा शुरू कर दी है।
जम्मू संभाग के हीरानगर थाने में आतंकी हमला और पिछले पांच दिनों में घाटी के तीन थानों से हथियार लूटने के मामले के बाद पुलिस पर थानों और चौकियों की सुरक्षा की अतिरिक्त जिम्मेदारी बन गई है। शुक्रवार और शनिवार को महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया जा रहा है।
पुलिस कर्मी दहशत में हैं। आईजीपी जम्मू जोन दानिश राना के अनुसार ऐसी घटनाएं जम्मू संभाग में कई वर्षों से नहीं हुई हैं। अब इन घटनाओं के बाद सुरक्षा समीक्षा नए सिरे से शुरू की गई है। सीमावर्ती क्षेत्र में सादा वर्दी में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। थानों में भी हथियारबंद पुलिस जवानों की संख्या बढ़ाई है। सीमावर्ती क्षेत्रों में आम जनता से सहयोग बढ़ाया जा रहा है।