मुख्यालय स्थित गल्ला मंडी परिसर में सोमवार की रात चार सशस्त्र बदमाशों ने चार किसानों को तमंचे की बल पर लूट लिया। विरोध करने पर पिटाई कर धमकी देते हुए भाग निकले। उसके बाद मंगलवार को दो बदमाशों ने दिनदहाड़े गल्ला व्यापार मंडल के अध्यक्ष की दुकान के बाहर बैठे पल्लेदार को जमकर पीटा। इससे नाराज व्यापारियों ने कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन किया।
कस्बे में सोमवार की रात को गल्ला व्यापारी सुदामा सिंह की दुकान अनाज लेकर आए। उनके साथ आए किसान पैकौरा के रामनिवाज, रामलखन पटेल, सदल और अहिरा के रामसिंह वहीं दुकान के बाहर सो गए। चारों किसानों ने बताया कि देर रात को अज्ञात चार असलहाधारी आए और सभी के सीने में तमंचा लगा दिया। इसके बाद जेब में रखे दो हजार रुपये छीन लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने चारों किसान को पीटा और भाग निकले। मंगलवार की सुबह किसानों ने व्यापारी को जानकारी दी।
इसके बाद मंगलवार को गल्ला व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल की दुकान के सामने बैठे पल्लेदार हजारी को दो तमंचाधारी पीट कर भाग निकले। इससे नाराज गल्ला व्यापारियों ने कोतवाली का घेराव किया। प्रदर्शन कर व्यापारियोें ने कहा कि मंडी परिसर में पुलिस गश्त नहीं होती। इससे आए दिन घटनाएं हो रहीं हैं। किसानाें के साथ लूट करने वालों को पकड़ा जाए। इस मोैके पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, गुलाब गुप्ता, ब्रजकिशोर शिवहरे, शिवमंगल सिंह, संतोष केशरवानी,रज्जन केशरवानी व लक्ष्मी आदि मौजूद रहे।
----------------------------------------------