गांव जलालपुर में गिरदावर व पटवारी द्वारा की जा रही फिरनी की पैमाइश का एक पक्ष के लोगों ने विरोध करते हुए सरपंच के परिजनों पर लाठी डंडो से हमला कर दिया। इस हमले में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें निजि अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित सरपंच की और से 17 व्यक्तियों के विरु द्ध मारपीट करने, सरकारी पैमाइश में बाधा डालने की शिकायत पुलिस को दी है।
गांव जलालपुर सोहना तावडू के सरपंच इमरान ने बताया की 14 जनवरी को वह हल्का पटवारी व गिरदावर से गांव की फिरनी की पैमाइस करा रहा था। पैमाइस के दौरान उसके परिवार के सदस्य इकबाल, साहून व आमिर फीता पकड़कर गिरदावर व पटवारी की मदद कर रहे थे। सरपंच का आरोप है कि शाम चार बजे के करीब जब खेडा ढाणी में पैमाइश करने पहुंचे तो कुछ लोगों ने पैमाइश रोकने का प्रयास किया।
जब सरपंच ने पटवारी व गिरदावर से पैमाइश जारी रखने के लिए कहा तो उन्होंने अपने गुट के लोगों को बुला लाया। सरपंच का आरोप है कि आरोपियों ने उसके परिजनों पर हमला कर दिया। झगडे में इकबाल, साहून, आमिर व महिला मीना गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें बचाया और घायलों को अस्तपाल पंहुचाया ।
समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हो पाया है। इस बारे में गिरदावर लक्ष्छीराम का कहना है कि कुछ ग्रामीणों के विरोध के चलते वह पैमाइश को बीच में छोड़कर आ गए।