सोमवार देर रात कालाढूंगी से रामनगर जा रहा लकड़ी से भरे ट्रक की कार से जोरदार टक्कर हो गई। जिससे कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया है।
विजयपुर के पास कालाढूंगी से रामनगर जा रहे ट्रक संख्या यूपी 07 डी 4135 की टक्कर सामने आ रही कार संख्या सीएच 01 वाई 0656 से हो गई। जिससे कार सवार दीपक कंबोज (26) पुत्र हुकम सिंह निवासी नया गांव की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि जोगीपुरा निवासी विजय कंबोज (32), बलवंत सिंह (35) और धनपुर निवासी चानन सिंह (38) गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें 108 से हल्द्वानी भेजा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक सड़क में पलट गया और कार खेतों में पलट गई। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।