फतेहाबाद के निकटवर्ती गांव के एक युवक को पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों द्वारा बंधक बनाकर नग्न कर बेल्ट से पीटने और फिर चप्पल चटवाने का मामला सामने आया है। मामले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पीड़ित ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर आरोपियों पर पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने के आरोप लगाए हैं।
पीड़ित का कहना है कि उसने इस बारे में फतेहाबाद पुलिस को 17 नवंबर को शिकायत दी थी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई है। घटना को अंजाम देने के पीछे गांव की किसी लड़की की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करने का विवाद बताया जा रहा है। युवक के अनुसार कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर उनके गांव के ही दो-तीन युवकों के साथ उसकी बहसबाजी हो गई थी।
15 नवंबर को शाम के समय लाल बत्ती चौक पर खड़ा था। उस दिन रोडवेज की बसें नहीं चल रही थी। गांव के ही दो युवक आए और उसे अपने साथ ले गए। आरोपी रास्ते में उसे झलनिया-भूथन के बीच खेत में ले गए। वहां करीब 6 युवक पहले से मौजूद थे। युवक के अनुसार उसे कपड़े उतारने के लिए कहा गया जब उसने नहीं उतारे तो जबरदस्ती उतारे गए और बेल्ट से पीटा गया। इसके बाद उसे चप्पल चटाकर फिर बेल्ट से पीटा गया और उसे हथियारों से डराया भी गया। युवक ने बताया कि उसकी वीडियो बनाई गई और वायरल करने की धमकी दी तो उसने पुलिस को शिकायत नहीं दी, लेकिन अब उसने पुलिस को शिकायत दी है।
ये है रंजिश का कारण
युवक के अनुसार बताया जा रहा है कि उसकी गांव की लड़की की फोटो दूसरे गांव में रहने वाले उसके दोस्त के पास थी, जो बर्थडे मनाते समय की थी। लड़की आरोपी युवकों के रिलेशन में थी। यह फोटो उसको व्हाट्सएप पर मिली थी। युवक के अनुसार जब फोटो आई उस दौरान आरोपियों के साथ रहने वाला एक लड़का उसके पास बैठा था, जिसने ब्लैकमेल करने के उद्देश्य से उससे फोटो मांगी, जो उसने नहीं दी। इसी को लेकर रंजिश हो गई।
मामले को लेकर मंगलवार को ही पुलिस को शिकायत मिली है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।
- आत्माराम, शहर थाना प्रभारी