तरनतारन में बैंक में जांच करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
आतंकी वारदात की आशंका पर हाई अलर्ट पर चल रहे पंजाब में बेखौफ बदमाश बैंक से 50 लाख रुपये लूट ले गए। जंडियाला रोड स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा में शनिवार दोपहर दो लुटेरे घुसे और मात्र डेढ़ मिनट में लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। इनमें एक लुटेरे ने पुलिस कांस्टेबल की वर्दी वाली शर्ट पहन रखी थी, जबकि दूसरे ने खाकी पगड़ी। पुलिस ने बैंक व बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लेकर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क बताया कि लूटी गई रकम करीब 50 लाख रुपये है।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, शनिवार दोपहर दो लुटेरे बैंक के अंदर दाखिल हुए। इनमें एक सीधे कैश काउंटर पर पहुंचा और बैंक कर्मी से पूछताछ करने लगा। उसके बाद वह गेट खोलकर अंदर घुसा और महिला कर्मियों को पिस्तौल दिखाकर कैश बैग में डालकर फरार हो गया। लूट की वारदात का पता चलते ही मौके पर थाना सिटी के अतिरिक्त प्रभारी बलजीत कौर पहुंचीं और उच्च अधिकारियों को सूचित किया। पुलिस ने पूरे शहर की नाकाबंदी करवाई, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लग पाया।
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों लुटेरे जंडियाला रोड रेलवे फाटक के पास तंग गली में दाखिल हुए। मौके पर पुलिस ने बैंक के भीतर व बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लुटेरे ने पहले बैंक के आसपास रेकी की थी। सीसीटीवी फुटेज में बैंक के अंदर कुछ लोग और भी मौजूद दिख रहे थे। उनकी भी जांच की जा रही है। बाद में एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क, एसपी विशालजीत सिंह, डीएसपी तरसेम मसीह, बरजिंदर सिंह के अलावा साइबर क्राइम सेल और फोरेंसिक टीम भी आई और जांच की।
बैंक की सुरक्षा के लिए निहत्था गार्ड तैनात था
बैंक में सुरक्षा के तौर पर एक गार्ड तैनात था, परंतु उसके पास कोई हथियार नहीं था। बताया गया कि बैंक मैनेजर के पास एक रिवाल्वर था, लेकिन वारदात के वक्त उसके पास नहीं था। बदमाशों ने जिस तरह से लूट की वारदात को अंजाम दिया है, उससे कयास लगाए जा रहे हैं कि बदमाशों को बैंक के अंदर के हालात का पता था।