लुधियाना के कंगनवाल इलाके में एक युवक ने साइकिल पर नाबालिग को घुमाने का झांसा दिया और उसे खेतों में ले गया। वहां आरोपी और उसके साथी ने नाबालिग के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। बाद में नाबालिग को धमकियां दी और उसे साइकिल पर ही घर छोड़ कर आरोपी फरार हो गया। नाबालिग ने इसकी जानकारी परिवार वालों को दी। जिसके बाद इसकी शिकायत पुलिस के पास की गई।
पुलिस ने जांच के बाद इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर रंगबाज कालोनी निवासी अनिल और गांव नत्त निवासी मुजमिल हुसैन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी मुजमिल हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अनिल अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। उधर, पुलिस ने पीड़िता की मेडिकल जांच करवा ली है। जहां से उसके स्वैब जांच के लिए भेज दिए गए है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपी मुजमिल हुसैन को अदालत में पेश किया। जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
मां से मिलने जा रही थी नाबालिग
नाबालिग द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक उसकी मां इलाके में ही स्थित एक फैक्टरी में काम करती है। शुक्रवार सुबह वह अपनी मां से मिलने के लिए जा रही थी। इसी दौरान आरोपी अनिल उसे रास्ते में मिल गया और उसे घुमाने का झांसा देकर अपने साथ खेतों में ले गया। वहां नाबालिग के साथ अश्लील हरकतें करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसी दौरान आरोपी का साथी भी, जो वहीं खेतों में रहता है, वहां आया, उसने भी नाबालिग के साथ अश्लील हरकतें की और उसके साथ दुष्कर्म किया। नाबालिग को आरोपी अनिल ने साइकिल पर ही घर छोड़ा और उसे धमकियां दी कि वह इस बारे में किसी को न बताए।
नाबालिग के अनुसार आरोपी मुजमिल ने उसकी और अनिल की साइकिल पर जाते वीडियो भी बनाई और धमकियां दी कि वह किसी को कुछ बताएगी तो उसका वीडियो वायरल कर देगा। पीड़ित ने किसी तरह से इसकी शिकायत पुलिस के पास की। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सुखदीप कौर ने बताया कि आरोपी अभी पुलिस रिमांड पर है। पीड़ित की मेडिकल जांच करवा दी गई है। आरोपी से पूछताछ कर आरोपी अनिल को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।