मुहम्मदाबाद गोहना। बाजार में मौजूद जनसेवा केंद्र संचालक पर फर्जी प्रमाण पत्र बनाने का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने मंगलवार को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें पीड़ित ने बताया कि जनसेवा केंद्र संचालक उसके पुत्र का फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर उसे दे दिया। रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी होने पर जनसेवा केंद्र संचालक दूकान बंदकर फरार हो गया।
मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के जैगवां गांव निवासी बृजेश यादव पुत्र बल्ली मुहम्मदाबाद गोहना तहसील मुख्यालय पर सैदपुर मुहल्ले में जनसेवा केंद्र संचालित करता है। तहसील क्षेत्र के भदवां गांव निवासी और प्रधान सीपी राय ने बीते वर्ष अपने पुत्र अभिषेक का निवास प्रमाण पत्र बृजेश यादव के जनसेवा केंद्र से बनवाए। समय सीमा के अंदर उक्त केंद्र व्यवस्थापक ने अभिषेक का प्रमाण पत्र दे दिया। इस बीच 11 सितंबर को फोटो कापी कराने के दौरान प्रधान सीपी राय के हाथ से निवास प्रमाण की मूल प्रति कही गिर गई। इस दौरान सीपी राय दूसरे जनसेवा केंद्र पर उक्त नंबर का डुप्लीकेट प्रमाण पत्र जारी कराने गया। इस दौरान पूर्व में जारी प्रमाण पत्र का कोई रिकार्ड नहीं मिला। भुगतभोगी ने जब प्रमाण पत्र जारी करने वाले संचालक बृजेश से संपर्क किया तो वह बहाने बनाने लगा। ग्राम प्रधान ने पूरे मामले की जानकारी एसडीएम और तहसीलदार को देकर जांच कराने की मांग किया। अधिकारियों की जांच में निवास प्रमाण पत्र के फर्जी होने की पुष्टि होने के बाद सीपी राय की तहरीर पर उक्त केंद्र संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पर वह केंद्र बंद कर फरार हो गया ।