गत दिवस अंबाला एयरफोर्स स्टेशन की दीवार फांदकर अंदर घुसने वाले नेपाली युवक से अब खुफिया एजेंसियां पूछताछ करेगी। सेना, वायुसेना से लेकर आईबी तक की खुफिया एजेंसियां इस युवक को खंगालेगी। अंबाला कैंट पुलिस ने नेपाली युवक को बुधवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
दरअसल, इस युवक को एयरफोर्स अथारिटी ने एयरफोर्स के भीतर से काबू किया था। आधी रात को ये नेपाली युवक दीवार फांदकर एयरफोर्स स्टेशन के भीतर घुस गया था। तभी एयरफोर्स स्टेशन में गश्त कर रहे जवानों ने कुछ हरकत झाडिय़ों में देखी। जवानों ने झाडिय़ों की ओर इशारा करते हुए गोली मारने की धमकी भी दी और झाडिय़ों में छिपे शख्स को बाहर आने को कहा। लेकिन फिर भी युवक जब बाहर नहीं आया, तो जवानों ने झाडिय़ों से उसे बाहर निकालकर उसे काबू कर लिया।
मंगलवार दोपहर बाद तक एयरफोर्स अथारिटी उसे नेपाली युवक को खंगालती रही। इस दौरान उसकी भाषा की दिक्कत भी पेश आई। लेकिन शाम को एयरफोर्स अथारिटी ने नेपाली युवक को अंबाला पुलिस के हवाले कर दिया था। बुधवार को अब पुलिस ने अदालत से नेपाली युवक को पांच दिन के रिमांड पर ले लिया है। एससीपी जगदीप दून ने बताया कि इस मामले में नेपाली युवक से पूछताछ चल रही है और कुछ जांच एजेंसियों भी इस नेपाली युवक को खंगालेगी। उधर, नेपाल में भी इलाका पुलिस ने नेपाली युवक द्वारा बताए पते पर संपर्क करने का काम शुरू कर दिया है, लेकिन अभी तक वहां से कोई संपर्क नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के बाद ही इस मामले में आगे कहा जाएगा।