डाक विभाग के कर्मचारी टेंपो चालक से उलझ गए।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। डाक कर्मचारियों और गार्ड की गुंडई देखकर सभी लोग हतप्रभ रह गए। सिविल लाइंस में पोस्ट ऑफिस के पास हुई घटना के बाद पहुंची पुलिस ने डाक कर्मचारियों के वाहन को कब्जे में ले लिया। लोगों ने मामले में बीच-बचाव किया। शनिवार की दोपहर गोरखपुर की तरफ से एक टेंपाे आ रहा था। उसके पीछे डाक विभाग का बोलेरो भी आ रही थी। पोस्टआफिस के पास बोलेरो चालक नियंत्रण खो दिया और पीछे से टेंपो को टक्कर मार दिया।
टक्कर लगते ही टेंपा डिवाइडर पर चढ़ गया। डाक कर्मचारी और गार्ड बोलेरो से उतरे और टेंपा चालक की पिटाई करने लगे। यह देखकर आसपास के लोग दौड़ पड़े, लेकिन कर्मचारियों ने पिटाई बंद नहीं की। जाम लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। बाद में कोतवाली पुलिस डाक विभाग के बोलेरो को कोतवाली ले गई। टेंपो चालक ने तहरीर नहीं दी है। इस बावत सीओ सिटी डॉ. अजय कुमार सिंह का कहना है कि सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। बोलेरो को कब्जे में लिया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।