व्यवसाय में घाटा होने पर एक कारोबारी ने सर्जिकल ब्लेड से अपना गला और हाथ की नसें काटकर आत्महत्या कर ली। शव बृहस्पतिवार सुबह पूसा इंस्टीट्यूट में उनकी कार में मिला। पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसमें कारोबारी ने व्यवसाय में घाटा होने से परेशान होकर खुदकुशी करने की बात लिखी है।
पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान गुरुग्राम निवासी हेमंत ढल (55) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हेमंत का पटेल नगर में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान का शोरूम था।
बुधवार शाम चार बजे वह शोरूम से घर के लिए रवाना हुए, लेकिन घर नहीं पहुंचे। परिवार वालों ने काफी तलाश के बाद बुधवार रात रंजीत नगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस को पूसा इंस्टीट्यूट के परिसर में एक कार में शव पड़े होने की जानकारी मिली।
मृतक का गला व हाथ की नसें कटी हुई थी। पास ही सर्जिकल ब्लेड व शराब की बोतल पड़ी थी। तलाशी में मृतक के जेब से सुसाइड नोट बरामद हुआ। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कुछ दिन पहले हेमंत के परिवार वालों ने कर्मचारियों को उन पर नजर रखने के लिए कहा था। हेमंत कुछ दिनों से डिप्रेशन में थे।