पंतनगर के हल्दी रेलवे स्टेशन के पास फेंके गए खरगोश।
- फोटो : अमर उजाला
पंतनगर थाना क्षेत्र के हल्दी रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को सौ से अधिक पालतू खरगोशों के मिलने से हड़कंप मच गया। आधा दर्जन खरगोशों की मौत होने के साथ ही अधिकांश खरगोश अचेत हालत में हैं। घटनास्थल से पंतनगर विश्वविद्यालय का फार्म लगा होने से सुरक्षा गार्ड कुछ खरगोशों को परीक्षण के लिए ले गए। इधर, रेंजर हरीश आर्या ने बताया कि झुंड में करीब आधा दर्जन से अधिक खरगोशों की मौत हो चुकी है। ये सभी पालतू खरगोश हैं और आशंका है कि बीमारी की वजह से इनको यहां फेंका गया होगा।
वे दो खरगोशों को पशु अस्पताल ले गए थे, लेकिन वह बंद था। खरगोशों की जांच कराने को लेकर उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पत्र भेजने के साथ ही डीएफओ को भी अवगत कराया है। इस क्षेत्र में खरगोश नहीं पाले जाते हैं। आशंका है कि यूपी से खरगोश लाकर यहां फेंके गए हैं। खरगोशों को यहां कौन फेंककर गया है इसकी जांच की जा रही है।