थाना खरेला के एक गांव में घर में घुसकर महिला से गैंगरेप किया गया। थाने में तहरीर देने के चार दिन भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पीड़िता ने पति के साथ पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।
महिला ने एसपी को बताया कि उसका पति दिल्ली में नौकरी करता है। महिला ने बताया कि गांव के अरविंद ने छह माह पहले घर में घुसकर तमंचा सटाकर बलात्कार किया और पति से बताने पर बच्चों और पति को जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण वह पति से कुछ नहीं कह सकी
। इसी बात का फायदा उठा अरविंद छह माह तक बलात्कार करता रहा। 28 नवंबर 2017 को अरविंद अपने साथी महेश्वरीदीन, हल्के, वीरेंद्र, हल्कू के साथ महिला के घर में घुस गया जहां पर पांचों लोगों ने उसके साथ गैंगरेप किया। महिला ने फोन सारी जानकारी पति को दी।
एक दिसंबर को दिल्ली से लौटे महिला के पति ने थाना खरेला में गैंगरेप की तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। न्याय न मिलने पर सोमवार को पति पत्नी ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर तहरीर दी।
पुलिस अधीक्षक एन कोलांची ने महिला के बयान लेने के बाद थानाध्यक्ष को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। मामले की जांच सीओ चरखारी को सौंपी गई है। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।