अन्ना मवेशियों के फसल चर जाने और कर्ज से परेशान किसान ने फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह उसका शव ट्यूबवेल पर फांसी के फंदे से लटका मिला। एसडीएम ने जांच के आदेश दिए हैं।
पैलानी तहसील के पिपरहरी गांव निवासी रामबहादुर (45) पुत्र रामविशाल के नाम एक बीघा जमीन है। करीब 24 बीघा जमीन बंटाई पर लेकर वह खेती किसानी करता था। रविवार शाम घर पर खाना खाने के बाद खेत की रखवाली के लिए निकल गया। सोमवार की सुबह बड़ा भाई अर्जुन खेत पहुंचा तो ट्यूबवेल पर रामबहादुर का शव लुंगी के फंदे पर झूलता देखा। अर्जुन ने बताया कि दोनों भाइयों के पास एक-एक बीघा जमीन है।
दो माह पहले स्टेट हाइवे पर लोडर की टक्कर से रामबहादुर घायल हो गया था। उसने इलाज के लिए रिश्तेदारों और गांव वालों से 24 हजार रुपये कर्ज लिया था। उधर, अन्ना मवेशियोें ने उसकी छह बीघा अरहर की फसल सफाचट कर दी। कर्ज का बोझ और फसल उजड़ने से वह तनाव में रहता था। इसी वजह से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। उधर, एसडीएम जेएन सचान का कहना है कि घटना की कुछ देर पहले जानकारी मिली है। नायब तहसीलदार और लेखपाल को भेजकर जांच कराएंगे।