थाना क्षेत्र के प्रतापनगर झाल के पास पुत्तू का डेरा गांव में व्यापारी के घर से मंगलवार की रात ताले तोड़कर चोर नगदी व जेवर ले गए। परिजनों को चोरों के आने और जाने की भनक नहीं लगी। घटना देखकर सुबह हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को ग्रामीणों ने घेर लिया। इनमें चोरी को लेकर आक्रोश था।
साड़ी कारोबारी विमल अग्रहरि रात को परिवार के साथ घर की छत पर सो रहे थे। परिवार के लोग बुधवार की सुबह उठे तो घर में समान बिखरा देख कर सन्न रह गए। कमरों के ताले व अलमारी का लॉकर टूटा था। विमल अग्रहरि ने बताया कि चोर बाउंड्रीवाल फांदकर पीछे की दीवार के सहारे छत पर पहुंचे हाेंगे। इसके बाद सीढ़ियों के रास्ते से कमरों तक पहुंच गए।
उन्होंने बताया कि चोर अलमारी का लॉकर तोड़कर 48 हजार रुपये नगद, सोने का हार, दो अंगूठी, दो कान की बाली, मंगलसूत्र, चांदी की करधनी, पायल सहित डेढ़ लाख की कीमत के जेवर चुरा ले गए। नई साड़ियों का बंडल भी चोरी हुआ है। घटनास्थल से थाने की दूरी पांच सौ मीटर है। एसओ नरेंद्र सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाया जाएगा।